मीरजापुर। उत्तर प्रदेश में जमालपुर थाना क्षेत्र स्थित डोहरी गांव में शुक्रवार की रात लोहे की रॉड से हमला कर 60 वर्षीय वृद्ध की हत्या कर दी गई। मामूली टक्कर के बाद छेड़खानी के शक में हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। सूचना पर एसपी समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

डोहरी गांव निवासी अछैवर बियार शुक्रवार रात गांव की सकरी गली से गुजर रहे थे। बारिश के कारण गली में फिसलन थी। इसी दौरान मन्नू अंसारी की पुत्री से उनकी टक्कर हो गई। इसकी जानकारी होने पर मन्नू अंसारी और नसीम अंसारी ने उन्हें गांव के बगीचे में घेर लिया और लोहे की रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जमालपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने वृद्ध को मृत घोषित कर दिया।

अछैवर के तीन पुत्र हैं, जो बाहर रहकर मजदूरी करते हैं। घटना की जानकारी पर एसपी अपर्णा रजत कौशिक, एसडीएम चुनार और सीओ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है और आरोपितों के घर जाने वाले रास्ते पर निगरानी रखी जा रही है।

