मीरजापुर में बेखौफ चोरों का आतंक, किराना कारोबारी के घर से 52 लाख के जेवर और 50 हजार नकद चोरी

मीरजापुर में बेखौफ चोरों का आतंक, किराना कारोबारी के घर से 52 लाख के जेवर और 50 हजार नकद चोरी

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में ड्रमंडगंज थाना क्षेत्र के रतेह चौराहा के पास स्थित सेमरा कलां गांव में बीती देर रात शुक्रवार को बेखौफ चोरों ने एक किराना व्यवसायी के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। वारदात के दौरान चोर मकान के पीछे से घर में घुसे और घटना को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी कैमरे का तार तोड़ दिया। हालांकि घर में प्रवेश करते समय दोनों चोर कैमरे में कैद हो गए।

सेमरा कलां निवासी सीताराम केसरवानी ने मकान के सामने किराने की दुकान है। शुक्रवार रात खाना खाने के बाद परिवार के अन्य सदस्य मकान की ऊपरी मंजिल पर सोने चले गए, जबकि सीताराम नीचे के हिस्से में सो रहे थे। देर रात करीब दो बजे चोर पीछे लगे लकड़ी के दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर में दाखिल हुए। इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण समेट लिए। इसके बाद चोर दुकान की दराज में रखे 50 हजार रुपये नकद भी उठा ले गए।

गृहस्वामी के अनुसार चोर उनकी दिवंगत पत्नी सीता केसरवानी, मां गुलाब कली तथा पुत्रवधू रूबी के करीब 52 लाख रुपये मूल्य के आभूषण ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर परिवार के होश उड़ गए और गांव में हड़कंप मच गया।

सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस कर रही तलाश

सूचना मिलते ही प्रभारी ड्रमंडगंज राजेश कुमार, उपनिरीक्षक रमेश यादव, पुनीत गुप्ता और रघुवर शरण राय मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर उसमें कैद गमछे से मुंह ढके दोनों चोरों की पहचान कराने का प्रयास शुरू कर दिया है। थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *