मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में पड़री थाना क्षेत्र स्थित मोहनपुर पहाड़ी के पास मंगलवार रात करीब दस बजे अज्ञात वाहन की टक्कर से मोपेड सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 70 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों भरपुरा से रसौरा में रामलीला देखने जा रहे थे।

भरपुरा निवासी भोलानाथ (55) और प्यारेलाल (70) रसौरा में रामलीला देखने जा रहे थे। मोहनपुर पहाड़ी के पास अज्ञात वाहन ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलने पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस बुलाकर दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान भोलानाथ की मौत हो गई। प्यारेलाल की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मंडलीय अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद सिंह ने बताया कि घायल बुजुर्ग की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए मंडलीय अस्पताल भेजा गया।वरिष्ठ उपनिरीक्षक विजय यादव ने बताया कि पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है। हादसे के लिए जिम्मेदार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

