मीरजापुर में टैंकर को ओवरटेक करते समय पलटी बोलेरो, चार बच्चों समेत परिवार के 10 लोग घायल

मीरजापुर में टैंकर को ओवरटेक करते समय पलटी बोलेरो, चार बच्चों समेत परिवार के 10 लोग घायल

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में चील्ह थाना क्षेत्र के मीरजापुर-औराई मार्ग पर सोमवार सुबह टैंकर को ओवरटेक करते समय सामने से ई-रिक्शा आ जाने पर एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में बोलेरो सवार चार बच्चों समेत परिवार के 10 लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह पहुंचाया, जहां उपचार के बाद हालत सामान्य होने पर सभी को विंध्याचल दर्शन के लिए भेज दिया गया।

वाराणसी जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के फूलपुर निवासी 48 वर्षीय दिलीप कनौजिया सोमवार सुबह करीब आठ बजे परिवार की महिलाओं और बच्चों के साथ बोलेरो से मां विंध्यवासिनी के दर्शन करने जा रहे थे। शेख डडिया गांव के पास आगे चल रहे टैंकर को ओवरटेक करते समय अचानक सामने से ई-रिक्शा आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक बोलेरो से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे पलट गया। बोलेरो वाहन के पलटकर पहिए ऊपर हो जाने से उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में चार वर्षीय शिवांश, छह वर्षीय सोनाक्षी, 45 वर्षीय सरिता, 24 वर्षीय नंदिनी, चार वर्षीय सीतांशु सहित दिलीप कनौजिया और परिवार के अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना चील्ह पुलिस को दी। पुलिस ने ग्रामीणों की सहायता से सभी को वाहन से बाहर निकलवाकर अस्पताल पहुंचाया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चील्ह के प्रभारी डॉ. धीरज जायसवाल ने बताया कि सभी घायलों को चोटें आई थीं। उपचार के बाद सभी की हालत सामान्य पाई गई। उपनिरीक्षक प्रहलाद यादव ने बताया कि टैंकर को ओवरटेक करने के दौरान ई-रिक्शा के सामने आने से बोलेरो पलट गई थी। सभी घायलों का उपचार कराने के बाद उन्हें ऑटो से विंध्याचल दर्शन के लिए भेज दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *