मीरजापुर में घर के अंदर फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव, कई दिन बाद ग्रामीणों को हुई जानकारी

मीरजापुर में घर के अंदर फंदे से लटका मिला अधेड़ का शव, कई दिन बाद ग्रामीणों को हुई जानकारी

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में मड़िहान थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव में गुरुवार को एक 45 वर्षीय अधेड़ का शव उसके घर के अंदर फांसी के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। कई दिनों से घर बंद होने और दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तुड़वाकर अंदर प्रवेश किया तो अधेड़ का शव फंदे से लटकता मिला।

मृतक की पहचान अमृत लाल (45) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार अमृत लाल घर में अकेले रहते थे और पिछले कई दिनों से उन्हें किसी ने बाहर नहीं देखा था। गुरुवार को घर से तेज दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर देखा तो अमृत लाल का शव फंदे से लटका हुआ मिला। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत करीब तीन दिन पहले हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने बताया कि लगभग दो वर्ष पहले अमृत लाल की पत्नी की भी फांसी लगाने से मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान और गुमसुम रहने लगे थे। उनका एक पुत्र है, जो रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है। घटना के समय घर में कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

थाना प्रभारी रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *