मीरजापुर में खेलते-खेलते मौत: करंट की चपेट में आने से 9 वर्षीय अंशिका की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

मीरजापुर में खेलते-खेलते मौत: करंट की चपेट में आने से 9 वर्षीय अंशिका की दर्दनाक मौत, ग्रामीणों में आक्रोश

मीरजापुर। उत्तर प्रदेश के जनपद सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के बिसहार गांव में बुधवार सुबह घर के बाहर खेल रही एक 9 वर्षीय बालिका की विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

बिसहार गांव निवासी बबलू प्रसाद की पुत्री अंशिका (9) बुधवार सुबह अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी। परिजन के मुताबिक घर के पास लगे बिजली के खंभे से जुड़े स्टे तार में करंट उतर आया था। खेलते समय अंशिका का हाथ स्टे तार से छू गया, जिससे वह तेज करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गई और मौके पर ही जमीन पर गिर पड़ी।

घटना देख साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और अचेत अवस्था में बालिका को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ ले गए। वहां मौजूद चिकित्सक डॉ. संतलाल ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बालिका की मौत की खबर मिलते ही परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। गांव में भी घटना को लेकर शोक की लहर दौड़ गई। परिजन ने बताया कि विद्युत पोल के स्टे तार में करंट आने के कारण यह हादसा हुआ। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही अस्पताल से शव लेकर घर लौट गए। घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग की लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *