गाजियाबाद: जिले में मामूली विवाद में सोसाइटी में एक शख्स ने एक व्यक्ति की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी और उसकी पत्नी के सिर पर ईंट मारकर घायल कर दिया। पूरा मामला गाजियाबाद के थाना इंदिरापुरम के अनुकंपा ग्रीन सोसाइटी का है। बताया जा रहा है कि के.के. पांडे नाम का शख्स गार्ड से बहस कर रहा था कि सोसाइटी के अंदर उसके बुलेट का ब्रेक कैसे टूटा। यहां इसी सोसाइटी के रहने वाले प्रवेन्द्र चौधरी और उनकी पत्नी नीतू भी खड़े थे।

इसी दौरान बहस में के.के. पांडे अचानक से हमलावर हो गया और उसने नीतू चौधरी के सिर पर ईंट से वार कर दिया। अपनी पत्नी का सिर फटा देखकर रविंद्र चौधरी को गुस्सा आ गया और वह के.के. पांडे के पीछे उसके इस फ्लैट 186 ग्राउंड फ्लोर पर पहुंच गया। घर जाकर के.के. पांडेय ने अंदर से गेट बंद कर लिया प्रवेन्द्र चौधरी ने जब दरवाजा खटखटाया तो के.के. पांडे ने दरवाजा खोल के अचानक से चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में प्रवेन्द्र चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

सोसायटी में हुई घटना के बाद सोसायटी के लोगों में हड़कंप मचा हुआ है कि आखिर किस तरीके से पढ़े लिखे लोग और कामकाजी लोग इस तरह की घटना को अंजाम दे सकते हैं। वहीं मृतक के परिवार भी गांव से आ गया है। परविंदर यहां प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था तो वहीं के.के. पांडे के बारे में बताया जा रहा है कि वह प्रिंटिंग प्रेस चलाता है। फिलहाल पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक के.के. पांडे हत्याकांड को अंजाम देकर स्कूटी से फरार हो गया है पुलिस ने उसकी धरपकड़ के लिए कई टीमें लगा दी हैं।
