माता वैष्णो देवी के भक्तों के लिए आई अच्छी खबर, बाढ़ के कारण यात्र पर लगी रोक हटी

मानसून के दूसरा चरण का असर देश के कई राज्यों में देखने को मिल रहा है। मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ों तक भारी बारिश का दौर जारी है। यही वजह है कि कुछ इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यही नहीं जन जीवन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। भारी बारिश का असर माता वैष्णो देवी की यात्रा पर भी पड़ा था। भारी बारिश के बाद अचानक आई बाढ़ के कारण वैष्णो देवी की यात्रा को रोक दिया गया था। वहीं अब श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है। बाढ़ की वजह से रोकी गई वैष्णो देवी की यात्रा को दोबारा बहाल कर दिया गया है।

माता वैष्णो देवी तीर्थ के लिए तीर्थयात्रियों की आवाजाही शनिवार को फिर से शुरू कर दी गई है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग की ओर से ये जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।

धर्मस्थल बोर्ड ने बताया कि भारी बारिश की वजह से कटरा से वैष्णो देवी की ओर जाने वाले तीर्थयात्रियों की आवाजाही को पहले रोक दिया गया था। सुरक्षा के मद्देनजर 24 घंटे से ज्यादा यात्रा को रोका गया था।

इस दौरान सिर्फ दर्शन स्थल से नीचे की ओर आने वाले तीर्थयात्रियों को प्राथमिकता दी जा रही थी। भवन क्षेत्र में श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों, पुलिस और सीआरपीएफ के अधिकारियों और भवन में तैनात अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी की निगरानी में सांझीछत और फिर कटरा की ओर आने वाले यात्रियों को प्राथमिकता दी गई।

श्राइन बोर्ड अधिकारी के मुताबिक, वैष्णो देवी मंदिर में जाने वाले तीर्थयात्रियों के आधार शिविर कटरा में शाम को कई घंटों तक मूसलाधार बारिश होती रही, जिस वजह से शनिवार सुबह 5 बजे तक यात्रा को रोक दिया गया था। हालांकि बाद में हालात सामान्य होने लगे,जिसके बाद यात्रा को दोबारा शुरू किया गया।

दरअसल जिस दौरान बारिश शुरू हुई और तड़के तक चली उस दौरान भी हजारों तीर्थयात्री मंदिर में मौजूद थे। ऐसे में ऊपर आने वाले यात्रियों को रोक दिया गया था।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए लगातार पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए घोषणाएं की जाती रहीं। मौसम के मिजाज को देखते हुए अभी भी आपातकालीन प्रतिक्रिया टीमों, सीआरपीएफ और चिकित्सा इकाइयों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *