महोबा में दर्दनाक हादसा: नहाने गए तीन मासूम गहरे पानी में डूबे, मौत से गांव में पसरा मातम

महोबा में दर्दनाक हादसा: नहाने गए तीन मासूम गहरे पानी में डूबे, मौत से गांव में पसरा मातम

महोबा। उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के चरखारी क्षेत्र में रविवार दोपहर नहाने गए तीन मासूम बच्चे खेलते-खेलते पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में समा गए, जिसमें डूबने से तीनों की मौत हो गई। देर रात एक-एक कर तीनों के शव पानी से बाहर निकाले गए तो पूरे गांव की आंखें नम हो गईं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

चरखारी क्षेत्राधिकारी दीपक दुबे ने रविवार की देर रात बताया कि थाना चरखारी क्षेत्र के रिवई गांव में तीन बच्चे प्रिंस (15) पुत्र मनोज अहिरवार, रोशनी (11) पुत्री जियालाल और अंशुल (10) पुत्र खलक अहिरवार की नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब जाने की सूचना मिली। इस पर थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुँचकर स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों बच्चों की तलाश कर उन्हें बाहर निकाला। तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र चरखारी ले जाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उन्हे मृत घोषित कर दिया गया।

परिवार से पता चला है कि तीनों बच्चें रविवार दोपहर गांव के ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज के पीछे बने गड्ढे में भरे पानी में नहाने गए थे। तीनों रोजाना वहां मछली पकड़ने भी जाते थे। रविवार को भी गए और देर शाम तक जब तीनों बच्चे घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई। खोजबीन की गई, लेकिन कोई पता नहीं चल सका। देर रात गांव के लोगों ने गड्ढे में एक शव उतराता देखा, जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी।

सूचना पर चरखारी थाना प्रभारी राहुल मिश्रा ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर स्थानीय गोताखोरों की मदद से प्रिंस को बाहर निकाल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चरखारी भेजा। इसके बाद दुबे अन्य दो बच्चों की तलाश की तो वह भी उसी गहरे गड्ढे में मिले। लगभग आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रोशनी और अंशुल को उसी गड्ढे से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अब मामले की जांच में जुट गई हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *