महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव के नतीजे आ चुके है। बीजेपी ने पंचायत चुनाव में बड़ी जीत का दावा किया है। बीजेपी की महाराष्ट्र इकाई ने एक ट्वीट कर कहा कि बीजेपी समर्थित 274 प्रत्याशी और शिवसेना के एकनाथ शिंदे गुट समर्थित 41 विजयी हुए हैं। बीजेपी के इस दावे पर राकांपा (Nationalist Congress Party) ने पलटवार किया है।

चुनाव आयोग के मुताबिक, महाराष्ट्र के 16 जिलों की 547 ग्राम पंचायतों के चुनाव रविवार को हुए थे और वोटों की गिनती सोमवार को हुई। इसके साथ ही ग्राम सरपंच भी चुने गए। खास बात यह है कि यह चुनाव गैर-दलगत आधार पर हुए थे, यानि ग्राम पंचायत का चुनाव किसी भी पार्टी चिन्हों पर नहीं लड़ा गया था।

एनसीपी ने दी प्रतिक्रिया
राकांपा के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने दावा किया है कि शिवसेना, राष्ट्रवादी कांग्रेस और कांग्रेस पार्टी ने सबसे ज्यादा ग्राम पंचायतों में जीत हासिल की है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि ग्राम पंचायत का चुनाव पार्टी चिन्हों पर नहीं लड़ा जाता है। इसलिए अगर कोई महाराष्ट्र ग्राम पंचायत चुनाव में जीत का दावा कर रहा है तो वह गलत है।