मध्यप्रदेश : 11 नगर सरकारों के प्रथम नागरिकों की किस्मत आज होगी तय

भोपाल। मध्यप्रदेश में नगरीय निकाय निर्वाचन-2022 के प्रथम चरण के तहत आज भोपाल और इंदौर समेत 11 नगरपालिक निगम के लिए मतदान हो रहा है।
भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, खंडवा, बुरहानपुर, छिंदवाड़ा, उज्जैन, सागर, सिंगरौली और सतना नगरपालिक निगम के लिए सुबह सात बजे से मतदान शुरु हो गया।
इसी क्रम में भोपाल में महापौर पद के लिए भारतीय जनता पार्टी की मालती राय का कांग्रेस की प्रत्याशी विभा पटेल से सीधा मुकाबला है। वहीं देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर के प्रथम नागरिक की दौड़ में भाजपा के पुष्यमित्र भार्गव और कांग्रेस के संजय शुक्ला शामिल हैं। सतना में भाजपा के योगेश ताम्रकार महापौर पद के लिए कांग्रेस के सिद्धार्थ कुशवाहा के समक्ष सीधे मुकाबले में हैं।
ग्वालियर महापौर पद के लिए भाजपा की सुमन शर्मा कांग्रेस की शोभा सिकरवार से मुकाबला कर रही हैं। दूसरी ओर जबलपुर में भाजपा के डॉ जितेंद्र जामदार के सामने कांग्रेस ने जगत बहादुर सिंह को चुनावी मैदान में उतारा है। उज्जैन में भाजपा के मुकेश टटवाल का मुकाबला कांग्रेस के महेश परमार से हो रहा है।
सागर महापौर पद की दौड़ में इस बार भाजपा की संगीता तिवारी और कांग्रेस की निधि जैन शामिल हैं। खंडवा में मुख्य मुकाबला भाजपा की अमृता यादव और कांग्रेस की आशा मिश्रा के बीच है।
छिंदवाड़ा नगर सरकार के लिए भाजपा के अनंत धुर्वे कांग्रेस के विक्रम अहाके के समक्ष चुनावी मैदान में हैं। बुरहानपुर में भाजपा की महापौर प्रत्याशी माधुरी पटेल का सीधा मुकाबला कांग्रेस की शहनाज अंसारी से है। सिंगरौली में भाजपा के चंद्रप्रकाश विश्वकर्मा कांग्रेस के अरविंद सिंह बघेल के सामने हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *