मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: वोल्वो बस ट्रेलर से टकराई, 4 की मौत, 19 घायल

मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: वोल्वो बस ट्रेलर से टकराई, 4 की मौत, 19 घायल

मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर आज तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुए हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 19 लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों की शिनाख्त कर ली है। सूचना पाकर पहुंचे जिलाधिकारी (डीएम) चंद्र प्रकाश सिंह और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया।

पुलिस अधीक्षक (देहात) सुरेश चन्द्र रावत ने बताया कि, गोला बस सर्विस की एक तेज रफ्तार वोल्वो बस लखनऊ से 65 यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही थी। मंगलवार सुबह करीब 3:41 बजे थाना राया क्षेत्र के राया कट के पास यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 112-113 के बीच मैनपुरी के रहने वाले चालक उपदेश यादव को झपकी आने से बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे एक ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस बल के साथ एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने पहुंचकर संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। बस में फंसे घायलों को निकालकर तुरंत एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल मथुरा भेजा, जहां कई लोगों की हालत गंभीर है। चार लोगों की मौत हो गई है।

हादसे में जान गंवाने वालों की शिनाख्त चालक मैनपुरी निवासी उपदेश यादव, उन्नाव के खुर्शीद व कासिमपुर के मुबारिक और अमेठी निवासी हरिओम के तौर पर हुई। हादसे के बाद हाइड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया । शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे के समय नियमित ड्राइवर नहीं, बल्कि कंडक्टर बस चला रहा था।

पुलिस अधीक्षक देहात ने आश्वस्त किया कि शुरुआती तौर पर दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही को माना जा रहा है। हालांकि, पुलिस मामले की वास्तविक वजहों की जांच कर रही है। फिलहाल एक्सप्रेस-वे पर यातायात को सुचारु रूप से बहाल कर दिया गया है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है। 19 लोगों का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *