भिंड। मध्यप्रदेश भिंड की पूजा ओझा ने कनाडा में आयोजित की जा रही वर्ल्ड पैरा कैनो चैंपियनशिप 2022 में सिल्वर मेडल जीतकर प्रदेश समेत पूरे देश का नाम रोशन किया है।
भारतीय कयाकिंग एंड कैनोइंग एसोसिएशन और खेल मंत्रालय स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के सहयोग से भिण्ड की पूजा ओझा भी इस प्रतियोगिता में भाग लेने गई हुई है। पूजा ओझा ने कयाकिंग एंड कैनोइंग खेलों की प्रारंभिक प्रेक्टिस भिंड के गौरी सरोवर में की थी। इसके बाद अपने खेल में निखार लाने के लिए भोपाल के कोचों के मार्गदर्शन में प्रेक्टिस कर रही थी।
खेलों से जुड़े भिण्ड के राधे गोपाल ने आज यहां बताया कि इस चैंपियनशिप से खिलाड़ियों को कई नए अनुभव प्राप्त हुए। उन्होंने बताया कि अंतर राष्ट्रीय स्तर पर आगामी दिनों में होने वाली प्रतियोगिताओं में विशेषकर 2023 में एशियन पैरा ओलंपिक गेम और 2024 पेरिस में पैराओलंपिक प्रमुख है। इन खेलों में भी खिलाड़ी हिस्सा ले सकेंगे।
