बैतूल। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के कई हिस्सों में कल रात से हो रही जोरदार बारिश का दौर आज भी जारी हैं।
बारिश के चलते सारणी स्थित सतपुड़ा डैम के सात गेट खोलकर तवा नदी में पानी छोड़ा जा रहा है।
मौसम कार्यालय ने बताया की बीते 24 घंटे के दौरान आज सुबह आठ बजे तक घोड़ाडोगरी में 107.0 मिमी (चार इंच), आमला में 50.0 मिमी बैतूल में 72.6 मिमी, चिचोली 77.2 मिमी, शाहपुर 75.6 मिमी, मुलताई 48.4 मिमी, प्रभातपट्टन में 42.3 मिमी, भैंसदेही में 37.0 मिमी, आठनेर में 57.2 मिमी एवं भीमपुर में 3.0 मिमी बारिश रिकार्ड दर्ज की है। लगातार बारिश के कारण सतपुड़ा ताप विद्युत गृह सारणी को जलापूर्ति करने वाले सतपुड़ा डैम के कल शाम करीब पौने सात बजे से सात गेट चार चार फीट खोलकर 22 हजार 700 क्यूसेक प्रति सेकेंड पानी तवा नदी में छोड़ा गया। सुबह करीब छह बजे के बाद बारिश कम होने पर सात गेट एक एक फीट खोले हैं। तवा नदी में पानी छोड़ने से आसपास के इलाकों में बाढ़ आने की संभावना को देखते हुए कोटवार के अलावा पुलिस जवानों को स्थिति पर नजर रखने के लिए तैनात किया है।
