मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। मंसूरपुर थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांव दूधाहेड़ी निवासी अंकित पुत्र त्रिलोक बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में कार्यरत था। बुधवार को ड्यूटी समाप्त करने के बाद वह अपने घर लौट रहा था। मंसूरपुर रेलवे पुल के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय वह तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तत्काल मंसूरपुर थाना पुलिस और रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

