बिजनौर। उत्तर प्रदेश में जनपद बिजनौर के थाना मंडावली पुलिस ने शुक्रवार काे आठ माह के मासूम बच्चे को बेचने के मामले का खुलासा करते हुए चार आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है। मामले में बच्चे के पिता की भूमिका भी सामने आई है।

पुलिस अधीक्षक के के विश्नोई ने पत्रकारों को जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर को ग्राम कोटावाली निवासी आराम सिंह ने थाना मंडावली में तहरीर देकर बताया कि उसके बच्चे को आरोपिताें ने गायब कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि आराम सिंह पिछले कुछ वर्षों से ई-रिक्शा चलाता था। उसे नया ई-रिक्शा खरीदने के लिए रुपयों की आवश्यकता थी। आरोप है कि इसी दौरान शमशेर और खुर्शीद ने उसके आठ माह के बेटे को बेचने का सुझाव दिया और खरीदार उपलब्ध कराने की बात कही। वह राजी हाे गया।

दाेनाें ने बच्चे को देवराज सिंह और उसकी पत्नी सुनीता को दिलवाया था। देवराज सिंह की छह पुत्रियां और कोई पुत्र नहीं था। इसी कारण उसने बच्चे को खरीदने की इच्छा जताई थी। आरोप है कि बच्चे का सौदा एक लाख 80 हजार रुपये में किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शमशेर, खुर्शीद, देवराज सिंह और उसकी पत्नी सुनीता को गिरफ्तार कर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

