बाराबंकी में नवरात्रि-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, ADG प्रवीण कुमार ने दिए पैदल गश्त और सख्त निगरानी के निर्देश

बाराबंकी में नवरात्रि-दशहरा को लेकर पुलिस अलर्ट, ADG प्रवीण कुमार ने दिए पैदल गश्त और सख्त निगरानी के निर्देश

बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में आगामी शारदीय नवरात्रि, दशहरा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार को अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन प्रवीण कुमार ने पुलिस लाइंस सभागार में देर शाम तक समीक्षा गोष्ठी की। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

एडीजी ने कहा कि पूर्व में विवाद वाले क्षेत्रों और संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों को चिह्नित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को शाम के समय भीड़भाड़ वाले बाजारों, दुर्गा पूजा पंडालों और रामलीला मैदानों के आसपास अनिवार्य रूप से पैदल गश्त करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन में सुरक्षा का भाव बना रहे।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एंटी रोमियो स्क्वॉड को पूजा पंडालों के आसपास सक्रिय रहने और सादे कपड़ों में निगरानी करने के निर्देश दिए गए। छेड़खानी या हुड़दंग करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

एडीजी ने सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर भी कड़ी निगरानी रखने तथा उनका तत्काल खंडन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने और कानून व्यवस्था से जुड़ी किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, समस्त क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *