बाराबंकी। उत्तर प्रदेश के जनपद बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में हुए दिल दहला देने वाले डंपर हादसे में पुलिस ने डंपर के चालक को बीती रात गिरफ्तार कर साेमवार काे जेल भेज दिया है। तेज रफ्तार और लापरवाही की इस भयावह घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया था, जहां सड़क किनारे सो रहे एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि एक महिला जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है।

फतेहपुर पुलिस ने फरार चल रहे आरोपित चालक रवि कुमार पुत्र राम नारायण को दबोच लिया। आरोपित बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र के पट्टी कमालपुर गांव का रहने है। हादसे के बाद से ही चालक फरार था और पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने देर रात उसे फतेहपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरफ्तार कर लिया।

गाैरतलब है कि शनिवार भोर में तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे घर के बाहर सो रहे परिवार पर कहर बनकर टूट पड़ा। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। इस दर्दनाक दुर्घटना में नीरज चौहान, उनके 10 वर्षीय बेटे अनुराग, 8 वर्षीय बेटी अंशिका और 7 वर्षीय मासूम युग की मौत हो गई। वहीं नीरज की पत्नी आरती गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज लखनऊ के अस्पताल में जारी है।
हादसे के बाद गांव में गुस्से का माहौल है। मृतक नीरज के साले अनूप कुमार की तहरीर पर आरोपित चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक आलोक सिंह राजावत ने बताया कि आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। कोतवाल अमित सिंह ने बताया डंपर की तकनीकी जांच कराई जा रही है, जिसमें वाहन की फिटनेस, ब्रेक सिस्टम और स्पीड की पड़ताल की जा रही है। परिवहन विभाग भी हरकत में आ गया है और चालक के लाइसेंस व वाहन के दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी गई है।

