बांदा में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा! 478 को भेजा जेल, पॉक्सो के 266 मामलों में दोषियों को सजा; एसपी पलाश बंसल ने दी चेतावनी

बांदा में मनचलों पर पुलिस का शिकंजा! 478 को भेजा जेल, पॉक्सो के 266 मामलों में दोषियों को सजा; एसपी पलाश बंसल ने दी चेतावनी

बांदा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार की सख्त नीति का असर बांदा में भी देखने को मिल रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर छात्राओं और महिलाओं को परेशान करने वालों के खिलाफ मिशन शक्ति और एंटी रोमियो अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की गई है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2017 से अब तक 478 मनचलों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जा चुका है। वहीं, नाबालिग बच्चियों के साथ अपराध करने वालों को सजा दिलाने के मामले में भी बांदा पुलिस ने प्रभावी पैरवी की है।

पुलिस की ओर से उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2020 से 2026 तक पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में 266 आरोपिताें को न्यायालय से सजा दिलाई गई है। वर्ष 2026 में अब तक 29 मामलों में दोषियों को सजा मिली है। पुलिस का दावा है कि पॉक्सो मामलों में सजा दिलाने की दर 34.52 प्रतिशत रही है, जो प्रदेश में सर्वाधिक है।

स्कूल-कॉलेजों के आसपास विशेष निगरानी

महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, प्रमुख चौराहों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास निगरानी करती है। महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करने, उनका पीछा करने और उन्हें परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। अभियान का उद्देश्य ऐसे तत्वों पर अंकुश लगाने के साथ महिलाओं और छात्राओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना है।

पॉक्सो मामलों में दोषियों को सजा दिलाने पर जोर

नाबालिगों के साथ यौन अपराध के मामलों में पुलिस विवेचना के साथ न्यायालय में प्रभावी पैरवी पर भी जोर दे रही है। पुलिस के अनुसार, पिछले वर्षों में दर्ज मामलों में 266 आरोपियों को सजा दिलाई गई है। अधिकारियों का मानना है कि अपराधियों को न्यायालय से सजा मिलने से महिला सुरक्षा के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता मजबूत होती है और कानून का भय कायम होता है।

महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता : एसपी

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल का कहना है कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकताओं में शामिल है। उनके साथ छेड़छाड़ या किसी भी तरह का अपराध करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि एंटी रोमियो और मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से मनचलों पर निगरानी रखी जा रही है। पॉक्सो मामलों में दोषियों को सजा दिलाने के लिए भी पुलिस प्रभावी पैरवी कर रही है।

महिला सुरक्षा को लेकर चलाए जा रहे इन अभियानों से सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं के प्रति अपराध करने वालों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *