बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में परिजनों से नाराज होकर आत्महत्या का प्रयास करने जा रहे युवक के लिए एक फोन कॉल जिंदगी बचाने वाली साबित हुई। डायल यूपी-112 पर सूचना मिलते ही थाना मटौंध और यूपी-112 की संयुक्त पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए केन नदी बाईपास पुल पहुंचकर युवक को सकुशल बचा लिया।

चौकी इंचार्ज भूरागढ़ अरविंद कुमार ने बुधवार को बताया कि थाना तिंदवारी क्षेत्र के ग्राम अस्करन निवासी व्यक्ति ने 15 सितंबर की देर रात यूपी-112 को सूचना दी कि उनका बेटा घरवालों से नाराज होकर मोटरसाइकिल लेकर चला गया है। फोन पर बातचीत में उसने बताया कि वह केन नदी पुल पर आत्महत्या के इरादे से पहुंचा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी भूरागढ़ अरविंद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस टीम ने युवक से धैर्य और संवेदनशीलता के साथ बातचीत की और उसे सुरक्षित स्थान पर लाकर समझाया-बुझाया। इसके बाद युवक को चौकी भूरागढ़ लाया गया और परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस ने युवक को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने युवक को जीवन के महत्व और पारिवारिक दायित्वों के बारे में समझाया। साथ ही परिजनों से भी युवक की बात धैर्यपूर्वक सुनने और आपसी संवाद से समस्याओं का समाधान करने की अपील की। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता से युवक के सकुशल बचने पर परिजनों ने पुलिस टीम का आभार जताया।

