बांदा में नाले ने बुझाए दो घरों के चिराग, किशोरी समेत दो की डूबने से मौत; 36 घंटे बाद मिला 13 वर्षीय शंकर का शव

बांदा में नाले ने बुझाए दो घरों के चिराग, किशोरी समेत दो की डूबने से मौत; 36 घंटे बाद मिला 13 वर्षीय शंकर का शव

बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में नाले में डूबने से किशोरी समेत दो की मौत हो गई। मटौंध क्षेत्र में दुकान से सामान लेकर घर लौट रही किशोरी पैर फिसलने से गहरे नाले में जा गिरी, जबकि कालिंजर क्षेत्र में एक दिन पहले नाले में डूबे किशोर का शव 36 घंटे बाद बरामद हुआ। दोनों घटनाओं से परिजनों में कोहराम मच गया।

मटौंध थाना क्षेत्र के गोयरा गुमली गांव निवासी रामनरेश ने बताया कि उसकी 17 वर्षीय भतीजी पूजा पुत्री बिनोद रविवार दोपहर दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। रास्ते में पैर फिसलने से वह गहरे नाले में गिरकर डूब गई। उसे बचाने के लिए मौके पर मौजूद प्रियंका और एक अन्य किशोरी भी नाले में कूद गईं, लेकिन पूजा का पता नहीं चला। सूचना पर पहुंचे परिजनों और ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे की तलाश के बाद उसे पानी से बाहर निकाला। जीवित होने की आशंका में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम की सलाह दी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव घर ले गए।

वहीं, कालिंजर थाना क्षेत्र के लहौरा गांव निवासी रामनारायण का 13 वर्षीय पुत्र शंकर शुक्रवार को भैंस लेकर खेत गया था। शाम करीब चार बजे दुनाई नाला पार करते समय पैर फिसलने से वह गहरे पानी में गिरकर डूब गया। साथ रहे दो दोस्तों ने उसे बचाने के लिए नाले में छलांग लगाई, लेकिन शंकर का पता नहीं चला। परिजनों और ग्रामीणों ने काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर दूर बसराही गांव के टेढ़ा पुरवा के पास नहर में ग्रामीणों ने शव उतराता देखा। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान शंकर के रूप में की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। पिता मजदूरी करता है। बेटे की मौत से मां फूलकुमारी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कालिंजर थानाा पभारी दारा सिंह ने बताया कि शवाें को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम कराया गया है ।पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *