बहराइच। उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र में प्रेम सम्बन्धों में आई दरार के बाद एक युवक ने ऐसा कदम उठा लिया कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया। प्रेमिका के साथ रहने से इनकार करने पर युवक उसे मनाने के लिए शुक्रवार सुबह मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों तक उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। आखिरकार प्रेमिका के कहने पर युवक टावर से नीचे उतरा। इसके बाद पुलिस दोनों को अपने साथ कोतवाली ले गई।

मामला ग्राम पंचायत मधवापुर के मजरा परसीपुरवा का है। मुर्तिहा थाना क्षेत्र के गुलरीघाट निवासी रतनलाल की बेटी लाली कुमारी उर्फ अंकिता और मोतीपुर थाना क्षेत्र के पुरैना रघुनाथपुर निवासी छट्ठू के बेटे अखिलेश के बीच करीब पांच वर्षों से प्रेम सम्बन्ध चल रहा था। बताया जाता है कि दोनों ने परिवार की मौजूदगी में मंदिर में शादी भी की थी।

परिजनों के मुताबिक, अखिलेश की मां ने युवती के अन्य लोगों से सम्बन्ध होने का आरोप लगाया था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लम्बे समय से विवाद और तनाव चल रहा था। बताया गया कि उर्स के दौरान आयोजित एक कार्यक्रम में भी अखिलेश युवती से मिलने की जिद पर अड़ा रहा था। इसके बाद शुक्रवार सुबह वह परसीपुरवा स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद युवक ने नीचे उतरने से इनकार कर दिया। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने उसे काफी देर तक समझाया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। बाद में युवती अंकिता ने भी उसे नीचे उतरने के लिए कहा। प्रेमिका की बात मानकर अखिलेश टावर से नीचे उतर आया। युवती ने उसके साथ रहने से साफ इनकार कर दिया। उसका आरोप था कि अखिलेश उसे बदनाम करने और दबाव बनाने के लिए यह कदम उठा रहा था।
मुर्तिहा थाना प्रभारी यतीन्द्र सिंह ने बताया कि युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के बाद पुलिस उसे और युवती को मूर्तिहा कोतवाली ले आई है। पुलिस दोनों पक्षों से पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है। घटना को लेकर गांव में काफी देर तक चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।

