बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के दरगाह थाना क्षेत्र अन्तर्गत जोहरा बाग में शनिवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। छह साल पुराने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के मुकदमे की रंजिश में एक युवक ने घर में घुसकर युवती और उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां युवती की हालत गंभीर है।

क्षेत्राधिकारी नगर एन डी मिश्रा ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे आरोपित अज्लान युवती के घर पहुंचा और आवाज बदलकर दरवाजा खटखटाया। युवती की छोटी बहन आफरीन ने दरवाजा खोला तो आरोपित उसे धक्का देकर घर में घुस गया। इसके बाद उसने युवती सबरीन पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी मां जायदा और नानी जन्नतुल निशा पर भी आरोपित ने चाकू से वार कर दिया।

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा और दरगाह थानाध्यक्ष अमितेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
क्षेत्राधिकारी नगर ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उसकी तलाश की जा रही है। करीब छह साल पहले आरोपित अज्लान के खिलाफ युवती ने छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में आरोपित जेल भी गया था। जमानत पर बाहर आने के बाद वह इलाके से चला गया था। शनिवार रात वह दोबारा युवती के घर पहुंचा और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है।

