बलिया में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार; आईआईएम असिस्टेंट मैनेजर और प्राइवेट शिक्षक समेत चार दोस्तों की मौत

बलिया में भीषण सड़क हादसा, पेड़ से टकराई कार; आईआईएम असिस्टेंट मैनेजर और प्राइवेट शिक्षक समेत चार दोस्तों की मौत

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में नगरा थाना क्षेत्र स्थित नेछुआडीह के पास शनिवार की रात एक अनियंत्रित कार पेड़ से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार आईआईएम में असिस्टेंट मैनेजर व एक प्राइवेट शिक्षक समेत चार दोस्तों की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व आसपास के लोगों की मदद से कार का दरवाजा तोड़कर सभी को बाहर निकालकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

एसपी ई राजा ने रविवार सुबह घटना की जानकारी देते हुए बताया कि 14 नवम्बर की रात लगभग साढ़े नौ बजे गोलू ठाकुर (21), कुनाल पासवान (24) , धनंजय पटेल (26) (समस्त निवासी गौआपार, थाना नगरा, बलिया) व अभिषेक पटेल (27) पुत्र प्रमोद पटेल निवासी जमुआव बलिया नगरा बाजार से वोक्स वैगन कार से लौट रहे थे। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह के पास उनकी बेकाबू कार एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि आस-पास के लोग धमाके जैसा महसूस किये और मौके पर पहुंच गये। सभी को कार से निकालकर सीएचसी नगरा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने अभिषेक और कुणाल को मृत घोषित कर दिया।

वहीं, गंभीर रूप से घायल गोलू और धनंजय को मऊ के लिए रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों में शामिल अभिषेक आईआईएम उत्तराखंड में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। छह महीने पहले उनकी शादी हुई थी। वहीं, कुणाल आइटीआई की पढ़ाई पूरी कर नौकरी की तैयारी कर रहा था। धनंजय प्राइवेट शिक्षक की नौकरी करते हुए सरकारी शिक्षक भर्ती की तैयारी में जुटा था। गोलू ठाकुर भी नौकरी की तलाश में था। पुलिस ने शवाें काे पाेस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *