बलिया में पुलिस मुठभेड़: मुकदमे के गवाह हत्याकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

बलिया में पुलिस मुठभेड़: मुकदमे के गवाह हत्याकांड का आरोपी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में थाना गड़वार पुलिस ने एक मुकदमे में गवाह की हत्या मामले में एक आरोपित को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार हत्यारोपित पैर में गोली लगने से घायल हो गया है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार की बीती मध्यरात्रि गड़वार पुलिस गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर रतसड़-नूरपुर मार्ग स्थित पुलिया के पास संदिग्ध की घेराबंदी की गई। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख आरोपित सौरभ उपाध्याय (27) निवासी असनवार पंडितपुरा ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपित को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रतसड़ भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजय वर्मा ने सोमवार सुबह बताया कि पूछताछ में मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने पिता देवेन्द्र उपाध्याय के कहने पर अपने साथियों गोविन्द चौहान, अरुण राजभर, सोनू चौहान और सूरज चौहान के साथ मिलकर पुराने मुकदमे के गवाह विनोद उपाध्याय की हत्या की थी। एएसपी ने बताया कि आरोपित के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *