बलिया में पट्टीदारों के विवाद में खूनी वारदात! दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत; 3 आरोपी हिरासत में

बलिया में पट्टीदारों के विवाद में खूनी वारदात! दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत; 3 आरोपी हिरासत में

बलिया। बलिया के उभांव थाना क्षेत्र के ग्राम सोनाडीह (दोथ) में गुरुवार की देररात दो पटीदारों के बीच हुए विवाद में दो सगे भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया गया। घटना में गंभीर रूप से घायल भाई अमरेश बहादुर सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके भाई मंजेश सिंह को बेहतर उपचार के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर किया गया है।

पुलिस के अनुसार, घटना 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे की है। अमरेश बहादुर सिंह और उनके भाई मंजेश सिंह के पटीदार रामकरण सिंह किसी बात को लेकर कथित रूप से गाली-गलौज कर रहे थे। दोनों भाइयों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। इसी दौरान रामकरण सिंह और उसके परिवार के अन्य सदस्यों ने दोनों भाइयों पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सीएचसी उभांव (सियर) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जनपद मऊ रेफर कर दिया गया। मऊ में उपचार के दौरान अमरेश बहादुर सिंह की मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल मंजेश सिंह को बीएचयू वाराणसी भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्चाधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। मृतक अमरेश बहादुर सिंह की पुत्री से मिली तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। मामले में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस ने नामजद पांच अभियुक्तों में से घटना में संलिप्त तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। शेष दो आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। फरार आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात है और मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *