ढाका। बंग्लादेश के प्रमुख तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद और शोरिफुल इस्लाम ने वेस्ट इंडीज के खिलाफ होने वाली टी20 श्रंखला के लिये अभ्यास शुरू कर दिया है।

दोनों गेंदबाजों को चोट के कारण वेस्ट इंडीज़ के खिलाफ होने वाली टेस्ट श्रंखला से बाहर रखा गया है, लेकिन प्रबंधन ने उन्हें टी20 मुकाबलों के लिये टीम में शामिल किया है।

क्रिकबज़ के अनुसार, श्रीलंका के खिलाफ चट्टोग्राम टेस्ट के दौरान शोरिफुल की कलाई में चोट आने के बाद वह वेस्ट इंडीज के विरुद्ध टेस्ट नहीं खेल पाये थे, लेकिन उन्होंने शनिवार से बंग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) के साथ अभ्यास शुरू कर दिया है।
शोरिफुल ने क्रिकबज़ को बताया, “आज मैंने गेंदबाजी शुरू कर दी है, और करीब छह ओवर गेंदबाजी की है। उम्मीद है कि लगभग एक हफ्ते में मैं पूरी लय के साथ गेंदबाजी कर सकूंगा।”
शोरिफुल ने जहां शनिवार को गेंदबाजी शुरू की, वहीं तस्कीन ने यह एक जून को ही शुरू कर दी थी।
दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान कंधे में चोट लगने से तस्कीन श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से चूक गए थे, क्योंकि वह रिकवरी के लिए एक रिहैब प्रोग्राम से गुजर रहे थे।
तस्कीन ने कहा, “मैं एक दिन में चार ओवर और दूसरे दिन आठ ओवर गेंदबाजी कर रहा हूं और फिजियो के निर्देश का पालन करके सफेद गेंद की श्रृंखला के लिए तैयार हो रहा हूं। मैं इस समय कोई दर्द महसूस नहीं कर रहा हूं और वेस्टइंडीज दौरे से पहले अपनी पूरी लय हासिल करना चाहता हूं।”
उल्लेखनीय है कि बंग्लादेश और वेस्ट इंडीज के बीच पहला टेस्ट एंटीगुआ में 16-20 जून तक खेला जाएगा जबकि दूसरा टेस्ट 24-28 जून तक सेंट लूसिया में खेला जाएगा।
शुरुआती दो टी20 मैच क्रमश: दो और तीन जुलाई को डोमिनिका में खेले जाएंगे जबकि तीसरा टी20 सात जुलाई को गुयाना में खेला जाएगा।
इसके अलावा बंग्लादेश-वेस्ट इंडीज तीन एकदिवसीय मैच भी खेलेंगे, जो 10, 13 और 16 जुलाई को गुयाना में होंगे।