फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, युवक की हत्या का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल; बाइक और खून से सने कपड़े बरामद

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, युवक की हत्या का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल; बाइक और खून से सने कपड़े बरामद

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में थाना सिरसागंज पुलिस टीम ने बृहस्पतिवार देर रात्रि युवक की हत्या कर शव फेंकने के मामले में वांछित आरोपित आमिर उर्फ सलमान खान को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में आरोपित के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

सीओ सिरसागंज चंचल त्यागी ने बताया कि थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत 10 नवंबर को एक अज्ञात युवक का शव मिला था। बाद में उसकी पहचान बरेली जिले के शीशगढ़ निवासी फईम अहमद के रूप में हुई थी। इस मामले में हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना में आमिर उर्फ सलमान खान निवासी अहमदपुर नामजद था। आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं।

थाना प्रभारी सिरसागंज अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ बृहस्पतिवार की देर रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे। तभी सूचना मिली कि आरोपित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और अन्य सामान छिपाने की फिराक में जा रहा है। इस पर नगला छोटे से शिकोहाबाद जाने वाले मार्ग पर चेकिंग शुरू की गई। अहमदपुर बंबा के पास पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल, हत्या में प्रयुक्त सूजा, खून से सने कपड़े, मृतक का क्षतिग्रस्त मोबाइल और पर्स बरामद किया है।

सीओ ने बताया कि घायल आरोपित को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया है। आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *