फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, नकबजनी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़, नकबजनी करने वाले पांच आरोपी गिरफ्तार; एक के पैर में लगी गोली

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नसीरपुर पुलिस टीम ने रविवार देर रात्रि नकबजनी की घटना कारित करने वाले 05 आरोपितों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में एक के पैर में गोली लगी है और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक देहात अनुज चौधरी ने बताया कि 12 जुलाई को भंवर सिंह पुत्र जसराम निवासी ग्राम रहल ने पुलिस में शिकायत दी थी कि रात्रि में अज्ञात चोर ईट की दीवार को तोड़कर उनके घर में दाखिल हुए और कमरे में रखे बक्से व अलमारी का ताला तोड़कर सोने व चांदी के आभूषण चोरी कर ले गये। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी।

एएसपी ने बताया कि थाना प्रभारी नसीरपुर जसवीर सिंह पुलिस टीम के साथ रविवार देर रात्रि क्षेत्र में गश्त पर थे, तभी सूचना मिली कि ग्राम रपडी के जंगल में कुछ बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस को देख एक बदमाश ने टीम पर जान से मारने की नियत से फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने भी फायर किए, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल होकर गिर पड़ा। उसकी पहचान तेज सिंह पुत्र ज्ञान सिंह निवासी पारौली फतेहाबाद आगरा के रुप में हुई है। साथ ही इस कार्रवाई में अन्य चार आरोपित बदमाशों में नैमीचन्द पुत्र छोटेलाल निवासी धारापुरा थाना फतेहाबाद आगरा, सुरेशचन्द्र पुत्र सेवाराम निवासी साहिदपुर थाना फतेहाबाद आगरा, सियाराम पुत्र कैदार सिंह व राधेश्याम पुत्र कैदार सिंह निवासीगण बिप्रावली भावनाथ की ठार थाना पिनाहट आगरा को गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश के कब्जे से एक अदद तमंचा 315 बोर, 03 खोका व 01 जिंदा कारतूस बरादमद हुआ है। पुलिस ने इनसे रहल गाँव में की गई चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।

एएसपी ने बताया कि घायल आरोपित तेज सिंह को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए सीएचसी शिकोहाबाद में भर्ती कराया है। वहीं गिरफ्तार अन्य आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *