फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना नारखी पुलिस एवं सर्विलांस टीम ने शुक्रवार देर रात बकरी चोरी गैंग के दो शातिर चोर मुठभेड़ में गिरफ्तार किए हैं। इनमें पैर में गोली लगने से घायल एक आरोपित को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।

अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि 07 जून को गांव बैंदीपुर विदरखा से 04 बकरे, बकरियां और 4 जुलाई को कांशीराम नयी कॉलोनी पचवान से 06 बकरी चोरी हुई थीं। इन मामलों में मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की गई। चोरी की घटनाओं में 02 आरोपित सौरभ व सोनवीर की संलिप्तता प्रकाश में आई।

एएसपी ने बताया कि थानाध्यक्ष नारखी राकेश कुमार गिरी पुलिस टीम के साथ शुक्रवार की बीती देर रात क्षेत्र में गश्त कर रहे थे, तभी सूचना मिली कि आरोपितगण चोरी की गयी बकरियां बेचने के लिये कार लेकर बैंदी की पुलिया के पास खड़ें हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपितों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में एक आरोपित पैर में गोली लगने से घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अपना नाम सौरभ पुत्र जगदीश बताया। वहीं दूसरा आरोपित मौके से भागने लगा, जिसको पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोच लिया। उसने अपना नाम सोनवीर पुत्र जगदीश बताया। गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से चोरी की गयी 02 बकरी, 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 03 जिंदा कारतूस 315 बोर, 01 खोखा कारतूस 315 बोर, चोरी की घटनाओं में प्रयुक्त 01 स्विफ्ट कार, चोरी की बकरे, बकरियां बेचकर प्राप्त 15,000 रुपये बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि घायल आरोपित सौरभ को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

