फर्रुखाबाद। कोतवाली कयमगंज क्षेत्र में दोस्त को बुला कर शराब की दावत दी। फिर उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। अपराध छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटका दिया। पुलिस ने हत्यारोपी को रविवार को गिरफ्तार कर लिया है।

कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चिलसरी निवासी पंखिया (25) बीती रात गांव के महेश जाटव के पुत्र रोहित उर्फ भीमा के साथ गया था। दोनों ने शराब पी । नशा हो जाने पर दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान रोहित ने डंडों से पीट कर पंखिया को मार डाला और शव को गांव के बीरबल के बाग में आम के पेड़ पर फांसी पर लटका दिया। पंखिया की हत्या करने के बाद आरोपित पड़ोसी गांव नगला कंजर ममापुर में शराब पीने गया।

वहां पर आरोपित ने शराब के नशे में एक अन्य व्यक्ति मिथुन गिहार को बताया कि उसने पंखिया को मार कर फांसी पर लटका दिया है। वह बहुत बोलता था। यह जानकारी मिलते ही गिहार लोगों ने डायल 112 को सूचना देकर आरोपित को पकड़वा दिया। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पंखिया के शव को बरामद कर लिया। जबरदस्त पिटाई होने से पंखिया का शरीर लहूलुहान था। गांव के गुरदयाल शाक्य के रिश्तेदार को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। काफी समय से रिश्तेदारी में रहने वाले युवक के कपड़ों पर खून लगा देखा गया था। पकड़े जाने पर उसने पुलिस को बताया कि मेरे सामने ही आरोपित ने पंखिया को पीट कर मार डाला।
मैंने पंखिया को बचाने का काफी प्रयास किया। भय के कारण मैंने घटना की किसी को जानकारी नहीं दी। बताया जाता है कि दबंग भीमा गांव के झब्बू लाल राठौर एवं ममापुर निवासी यादव की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। उसने झब्बूलाल को कुएं में धक्का देकर मारा था जबकि यादव की गला रेत कर हत्या की थी। पुलिस ने पंखिया के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पंखिया चार भाइयों में सबसे बड़ा था। उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। उसका करीब 5 साल का पुत्र है।
कोतवाल विनोद कुमार ने बताया कि युवक की हत्या में आरोपित भीमा को जेल भेजा जा रहा है।

