फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद में इटावा बरेली हाईवे पर राजेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव महमदपुर गढ़िया के पास एक्सयूवी कार और पिकअप में आमने-सामने टक्कर हो गई। इसमें दूल्हा के भाई सहित 9 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस अपनी गाड़ी और एंबुलेंस की मदद से सभी को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लेकर आई। यहां कार में सवार बाराती एक सैनिक को चिकित्सक ने मृत बता दिया। जबकि अन्य आठ घायलों का उपचार जारी है।

कमालगंज थाना क्षेत्र के गांव देवरान गढ़िया से सोमवार देर रात गांव निवासी प्रदीप पाल की बारात हरदोई जनपद के हसनापुर जा रही थी। बारात की एक कार में दूल्हे का फौजी भाई रितिक सहित अन्य आठ लोग सवार थे। यह लोग राजेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत महमदपुर गढ़िया के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार पिकअप से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर होते ही वहां चीख पुकार मच गई। पास पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे उन्होंने थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस अपनी दो गाड़ियों और एंबुलेंस की मदद से कुछ घायलों को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई। जबकि कुछ घायलों को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी लाया गया। हालांकि बाद में सभी घायल लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी आ गए। यहां चिकित्सक ने कार सवार विश्वनाथ को मृत बता दिया। जबकि अन्य घायलों का इमरजेंसी में उपचार जारी है।

मृतक फौजी हिमाचल में तैनात
बताया गया विश्वनाथ सेना में नौकरी करता है। उसकी हिमाचल में तैनाती है। चचेरे भाई ने बताया कि एक माह पूर्व विश्वनाथ छुट्टी पर घर आए थे। मंगलवार को हिमाचल वापस जाना था, लेकिन उससे पहले ही यह हादसा हो गया। बताया कि मृतक विश्वनाथ दो भाइयों में बड़ा है। एक बेटी है, विश्वनाथ की मौत से पत्नी पूजा सहित परिवार के लोग बेहाल हैं।
ये हुए घायल
कार और पिकअप की भिड़ंत में गांव देवराम गढ़िया निवासी 22 वर्षीय सोनू,30 वर्षीय सत्येंद्र,26 वर्षीय रितिक,20 वर्षीय हनी,19 वर्षीय शिवा पाल,28 वर्षीय सनी पाल, 28 वर्षीय बृजेश,कोमल सहित औरैया जनपद के बिधूना निवासी 25 वर्षीय हृदेश घायल हो गए। लोहिया अस्पताल से चिकित्सक द्वारा सत्येंद्र, हृदेश, कोमल, हनी को रेफर कर दिया गया।
भोजपुर विधायक भी पहुंचे लोहिया अस्पताल
बारातियों के घायल होने की सूचना पर भोजपुर विधायक नागेंद्र सिंह राठौर भी लोहिया अस्पताल जा पहुंचे। उन्होंने चिकित्सक से घायलों के बारे में जानकारी ली। इस दौरान निर्देश दिए कि घायलों को कन्नौज के तिर्वा मेडिकल रेफर न कर हायर सेंटर रेफर किया जाए। बताया गया कि कार को सत्येंद्र चला रहा था।
इमरजेंसी में अफरा तफरी का माहौल
एक साथ घायल लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में पहुंचे। ऐसे में वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया। किसी का स्टेचर पर तो किसी का बेड पर उपचार किया गया।
इनका कहना है
राजेपुर थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कार और पिकअप की टक्कर हुई है। उसमें एक युवक की मौत हुई है। कई लोग घायल हुए हैं उनको लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

