प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन शव बरामद, 40 वर्षीय बेटा लापता; हत्या की आशंका

प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन शव बरामद, 40 वर्षीय बेटा लापता; हत्या की आशंका

प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज कोतवाली थाना क्षेत्र के दक्षिण मलाका इलाके में एक बंद घर से एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव बरामद किए गए हैं। बदबू आने की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच की। डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने कहा, “घर के अंदर पति, पत्नी और बेटी के शव मिले हैं। उनके 40 वर्षीय बेटे की तलाश की जा रही है।

आसपास के लोगों से पूछताछ में पता चला है कि रविवार के बाद से कोई भी सदस्य घर से बाहर नहीं निकला था। परिवार में दो बेटे थे। एक बेटे को 15-20 वर्ष पहले आपराधिक गतिविधियों के कारण परिवार और संपत्ति से बेदखल कर दिया गया था। दूसरा बेटा, जो घर पर ही रहता था, पिता के साथ लगातार झगड़ता रहता था।” उन्होंने कहा कि उसकी भी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता बताई जा रही है। पुलिस को संदेह है कि लापता बेटा इस मामले में मुख्य संदिग्ध हो सकता है। पुलिस ने पूरे इलाके में पूछताछ तेज कर दी है।

 

आस-पड़ोस के लोगों से मिली जानकारी के आधार पर लापता बेटे की तलाश की जा रही है। शवों पर चोट के निशान होने के कारण हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। फॉरेंसिक और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट्स आने के बाद ही मृत्यु का सही कारण और समय पता चल सकेगा। एडिशनल सीपी अजय पाल शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “डॉयल 112 पर एक घर से बदबू आने की सूचना मिली थी। जब फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी ली तो वीरेंद्र कुमार, उनकी पत्नी और बेटी के शव गंभीर हालत में मिले। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। फोरेंसिक टीम ने क्राइम सीन को सुरक्षित कर लिया है और सबूत जुटाए जा रहे हैं।” उन्होंने आगे बताया कि फिलहाल, घर के हर कोने की जांच की जा रही है। जो बेटा उनके साथ रहता था, वह कुछ दिनों से दिखाई नहीं दिया था, वह लापता है, और उसे भी ढूंढने की कोशिशें की जा रही हैं। हमारी टीम इस घटना का सच सामने लाने के लिए लगातार काम कर रही है।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *