पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने पकड़ा 34वां आरोपी

पेपर लीक मामले में एसटीएफ ने पकड़ा 34वां आरोपी

देहरादून। उत्तराखण्ड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (युकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक मामले की जांच कर रहे विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने रविवार सुबह 34वें आरोपी को उत्तर प्रदेश के लखनऊ गिरफ्तार किया है। आरोपी के आवास से 3.80 लाख रुपये नकद भी बरामद हुये हैं।
राज्य पुलिस की एसटीएफ सेल के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अजय सिंह ने आज यहां बताया कि पेपर लीक मामले में उत्तर प्रदेश के नकल माफियाओं के अहम साथी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि पुख्ता साक्ष्य और टेक्निकल एविडेंस के आधार पर एसटीएफ ने अभियुक्त संपन्न राय को गोमतीनगर लखनऊ से गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त मूल रूप से गाजीपुर उत्तर प्रदेश का निवासी है और नकल सरगना सादिक मूसा का साथी है।
श्री सिंह ने बताया कि अभियुक्त द्वारा परीक्षा से पहले अन्य अभियुक्त के साथ परीक्षा से पहले हल्द्वानी में आकर रुकना और पेपर लीक करने में अहम भूमिका पाई गई है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त संपन्न राय से परीक्षा लीक प्रकरण से प्राप्त 3.80 लाख भी बरामद हुए है। जबकि पूर्व में गिरफ्तार अन्य अभियुक्त विपिन बिहारी के घर से परीक्षा में पेपर लीक के माध्यम से प्राप्त 06 लाख रुपये भी उसके लखनऊ स्थित आवास से बरामद किए गए है।
उन्होंने बताया कि अब तक कुल 92 लाख कैश बरामद किए जा चुके हैं। साथ ही पूर्व में गिरफ्तार अभियुक्तगणों की करोड़ों की अवैध संपत्ति का भी पता लगाया गया है और अनेक बैंक अकाउंट को फ्रिज भी किया जा चुका है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *