लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कुत्तों का कहर इस कदर बढ़ गया कि रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है। आए दिन लगातार कुत्ते के काटने की घटनाएं सामने आ रही है। ऐसा ही मामला राजधानी लखनऊ से आया है। जहां पिटबुल ब्रीड ने एक युवक पर हमला कर दिया। इस हमले में युवक के हाथों पर चोट आई है। युवक को बचाने में मां भी चोटिल हो गई। घायल युवक की तहरीर पर पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज कर दी है।

मामला जिले के गोमतीनगर के विरामखंड दो स्थित पार्क का है। यहां शनिवार की रात करीब साढ़े 10 बजे खाना खाकर एक युवक अपनी मां के साथ टहल रहा था। इस दौरान पार्क में एक 8-9 साल के बच्चे के साथ करीब 17 साल का लड़का अपना कुत्ता टहला रहे थे। युवक कुत्ते से बचकर निकल ही रहा था कि अचानक से कुत्ते ने पट्टा छुड़ा लिया और युवक के ऊपर झपट पड़ा। मां ने देखा तो वह उसे बचाने दौड़ी, लेकिन बीच में ही फिसलकर गिर पड़ी। इतने में कुत्ते ने युवक के हाथ पर काट लिया। इसके बाद कुत्ते को टहला रहे दोनों युवक मौके से भाग निकले।

इस मामले में इंस्पेक्टर गोमतीनगर दिनेश मिश्रा ने बताया कि पीड़ित प्रांजल मिश्रा की तरफ से अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी गई है। जिस पर 289 आईपीसी के तहत अभियोग पंजीकृत कर पिटबुल मालिक की तलाश की जा रही है। जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।ऑ
गौरतलब है कि गाजियाबाद में संजय नगर इलाके में एक पार्क में खेल रहे बच्चे को पिटबुल कुत्ते ने बुरी तरह काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था। इस हमले में बच्चे के चेहरे पर 150 टांके लगे थे। वही, दूसरी और जिले के राजनगर एक्सटेंशन की चार्म्स कैसल सोसाइटी की लिफ्ट में एक महिला अपने पालतू कुत्ते को ले जा रही थी। इसी बीच कुत्ते ने लिफ्ट में मौजूद एक बच्चे को कमर में काट लिया था। दर्द से कराहते बच्चे को महिला चुपचाप देखती रही।
