पहली बार भारतीय नौसेना में होगी महिला नाविकों की भर्ती, समुद्र में तैनाती

भारतीय नौसेना में नई अग्निपथ योजना के तहत पहली बार महिला नाविकों की भर्ती भी होगी जिससे आने वाले समय में उनके लिए भी युद्धपोतों पर तैनात होने का मार्ग प्रशस्त होगा। रविवार को अग्निपथ योजना पर की गई प्रेस कॉन्फ्रेंस में नौसेना प्रमुख ने कहा कि इस साल नौसेना में महिलाओं की भी अग्नवीर के तहत भर्ती की जाएगी। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि शामिल किए जाने वाले 3,000 अग्निवीरों में से महिलाएं कितनी होंगी, इसको अभी अंतिम रूप दिया जाना है, लेकिन यह संभावना जताई जा रही है कि यह संख्या पहले बैच का 10-20% होगी।

नौसेना में शामिल होने वाले अग्निवीर इस साल 21 नवंबर से ओडिशा स्थित नौसेना प्रतिष्ठान INS चिल्का में प्रशिक्षण शुरू करेंगे।चीफ ऑफ पर्सनेल वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि नौसेना में अग्निपथ योजना लिंग-तटस्थ होगी। वर्तमान में 30 महिला अधिकारी अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर ड्यूटी दे रही हैं, हमने तय किया है कि महिला नाविकों की भी भर्ती करने का समय आ गया है। नौसेना के सभी ट्रेडों में महिलाओं की भर्ती होगी।

वाइस एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी ने कहा कि पहले बैच में अग्निवीर के रूप में शामिल होने वाली महिलाओं के सटीक प्रतिशत पर अब भी काम किया जा रहा है, आईएनएस चिल्का में उन्हें समायोजित करने की व्यवस्था की जा रही है। लगभग एक साल पहले, नौसेना ने 23 साल के अंतराल के बाद पहली बार युद्धपोतों पर 4 महिला अधिकारियों की तैनाती की थी, इनमें विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रमादित्य और बेड़े के टैंकर आईएनएस शक्ति पर 2-2 महिला अधिकारियों की तैनाती शामिल है। यह संख्या अब बढ़कर 30 हो गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *