पन्ना। मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई जनपद पंचायत के सीईओ को निलंबित कर दिया गया है। सीईओ प्रसन्न चक्रवर्ती को पदीय दायित्वों के प्रति उदासीनता, कर्तव्यविमुखता, गंभीर वित्तीय अनियमितता एवं अनुशासनहीनता के आरोप में निलंबित किया गया है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार संभागायुक्त मुकेश शुक्ला ने यह कार्रवाई मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम के तहत की है। निलंबन अवधि में श्री चक्रवर्ती का मुख्यालय कार्यालय जिला पंचायत निवाड़ी निर्धारित किया गया है। जनपद पंचायत पवई के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री चकवर्ती द्वारा किये गए भ्रष्टाचार के संबंध में प्राप्त शिकायतों की जांच हेतु जांच समिति का गठन कर जॉच प्रतिवेदन चाहा गया था। अधीक्षण यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा एवं सहायक श्रम आयुक्त सागर संभाग सागर द्वारा जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया था, जिसका परीक्षण करने पर पाया गया कि श्री चकवर्ती द्वारा विभिन्न गंभीर अनियमितताएं की गई थी।
