नोएडा साइबर गुलामी केस में बड़ा खुलासा, 164 विदेशियों को ठहराने वाले पीजी संचालकों पर मुकदमा; पुलिस को नहीं दी थी सूचना

नोएडा साइबर गुलामी केस में बड़ा खुलासा, 164 विदेशियों को ठहराने वाले पीजी संचालकों पर मुकदमा; पुलिस को नहीं दी थी सूचना

नोएडा। नोएडा और दिल्ली पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के तहत सेक्टर 136 में चल रहे विदेशी साइबर गुलामी कॉल सेंटर का खुलासा होने के बाद पुलिस ने विभिन्न एंगल से जांच शुरू कर दी है। इस मामले में नोएडा पुलिस ने उस पीजी संचालक के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया, जहां पर विदेशी नागरिक रहते थे। आरोप है कि उन्होंने विदेशी नागरिकों के ठहरने की सूचना पुलिस को नहीं दी।

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह के मीडिया प्रभारी सुबोध कुमार ने शुक्रवार काे बताया कि शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जो लोग साइबर ठगी करते थे, उन्हें सेक्टर 128 के गांव शाहपुर गोवर्धनपुर में स्थित स्काई होम पीजी में ठहराया जाता था। यहां उन्हें ऑनलाइन ठगी के तरीके सिखाए जाते थे। ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उन्हें कैब से सेक्टर 136 स्थित कॉल सेंटर पहुंचाया जाता था। आरोप है कि कार्यालय में उनसे साइबर ठगी कराई जाती थी। उनकी गतिविधियों और आने-जाने पर भी नजर रखी जाती थी। स्काई होम पीजी 5 मंजिला इमारत में संचालित है। इसके मालिक ब्रह्म सिंह चौहान है। उन्होंने पीजी चलाने की जिम्मेदारी सुशील भाटी को दे रखी है। जांच में प्रबंधक सुनील कुमार, संचालक सुशील भाटी की भूमिका सामने आई है। आरोप है कि दोनों ने विदेशी नागरिकों को पीजी में ठहराया, लेकिन इसकी सूचना पुलिस को नहीं दी। इसके बाद सेक्टर 126 पुलिस ने बीती रात को उनके खिलाफ (8 और 24 इमीग्रेशन एंड फॉरेनर एक्ट 2025) के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

उन्होंने बताया कि नियम के मुताबिक, भारत में किसी होटल, गेस्ट हाउस, पीजी, धर्मशाला में विदेशी नागरिक के ठहरने पर संचालक को उसका पूरा विवरण (जैसे कि पासपोर्ट और वीजा की जानकारी) सी -फॉर्म भरना अनिवार्य होता है। विदेशी नागरिक कुछ घंटे के लिए भी अगर ठहरता है तो उसकी सूचना पुलिस को देने का नियम है। इससे भारत में विदेशी नागरिक के ठहरने और उसकी पहचान का रिकॉर्ड रखा जाता है।

आरोप है कि पीजी में 164 विदेशी नागरिकों को ठहरने की बावजूद इस नियम का पालन नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि जांच में सामने आए कि सेक्टर 136 स्थित व्यवसायिक भवन में करीब दाे महीने से साइबर ठगी का कारोबार चल रहा था। सेक्टर 128 के पीजी से कैब के जरिए विदेशी नागरिकों को रोजाना कार्यालय पहुंचाया जाता था। इसके लिए करीब 40 कैब लगाई गई थी। कार्यालय में भी उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जाती थी। जांच में पुलिस को पता चला है कि साइबर ठग नौकरी का सपना दिखाकर विदेशी युवाओं को भारत बुलाते थे। एयरपोर्ट उतरते हैं उनका पासपोर्ट अपने कब्जे में ले लेते तथा उन्हें बंधक बनाकर उनसे अंतर्राष्ट्रीय साइबर गुलामी करवाते थे। विदेशी नागरिकों से फर्जी महिला प्रोफाइल बनवाकर लोगों को ऑनलाइन निवेश के जाल में फंसाया जाता था। इस पूरे नेटवर्क का खुलासा एक मलेशियाई नागरिक की शिकायत पर हुआ है। मौके से 355 मोबाइल फोन, 168 कंप्यूटर,लैपटॉप आदि मिले हैं। बताया जाता कि देश में साइबर गुलामी से जुड़ा यह पहला मामला है।

मालूम हो कि दिल्ली पुलिस और नोएडा पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के तहत सेक्टर 136 में चल रहे अवैध कॉल सेंटर पर छापा मारकर 164 विदेशी नागरिकों को मुक्त कराया। इसमें 92 इंडोनेशिया और 72 मलेशिया के नागरिक शामिल है। कार्रवाई के दौरान मलेशिया नागरिक तन गुआन (25) को भी गिरफ्तार किया, जाे कॉल सेंटर का सरगना है। मलेशिया के रहने वाले एक व्यक्ति ने दिल्ली पुलिस को ई-मेल के जरिए शिकायत की थी। उसके बाद यह कार्रवाई हुई। बताया जाता है की विशेष सॉफ्टवेयर के जरिए यह अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क चल रहा था। युवकों को मलेशिया और इंडोनेशिया से भारत में नौकरी दिलवाने के नाम पर बुलाया जाता था। उनका पासपोर्ट वीजा आदि एयरपोर्ट पर ही जब्त कर लिया जाता था। उन्हें गुलाम बनाकर साइबर ठगी के अपराध को करवाया जाता था। जांच मे पुलिस को पता चला है कि 6 महीने के वीजा पर विदेशी नागरिक यहां पर आए थे। बिना पुलिस सत्यापन के उन्हें पीजी में रखा गया था। मुक्त कराए गए युवक की उम्र 19 से 24 वर्ष के बीच है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *