नोएडा। नोएडा के अलग-अलग जगहों पर हुए विभिन्न सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई है। थाना बिसरख के प्रभारी निरीक्षक रंजीत कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में बीती रात को हुए एक सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि आसपास के लोगों की सहायता से पुलिस शव की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।

थाना रबूपुरा के प्रभारी निरीक्षक श्याम बाबू शुक्ला ने बताया कि थाना क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में करनैल सिंह (52) पुत्र जगतार सिंह मूल निवासी जनपद फरीदाबाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


