नेपाल; दुर्घटनाग्रस्त विमान का मलबा मिला, 16 शव बरामद

नेपाल; दुर्घटनाग्रस्त विमान का मलबा मिला, 16 शव बरामद

काठमांडू। नेपाल के तारा एयर विमान के दुर्घटनास्थल से सोमवार को 16 शव बरामद किए गए। यह विमान रविवार को चार भारतीयों सहित 22 लोगों के साथ लापता हो गया था।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण ने हालांकि ट्वीट किया कि शवों की पहचान की जानी बाकी है।
काठमांडू पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, नेपाल सेना ने कहा कि विमान के लापता होने के करीब 20 घंटे बाद विमान का मलबा देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से मुस्तांग जिले के थासांग के सानो स्वरे भीर में 14,500 फीट की ऊंचाई पर मिला।
इससे पहले सोमवार को सेना के प्रवक्ता नारायण सिलवाल ने ट्वीट किया,“खोज एवं बचाव दल ने विमान दुर्घटनास्थल का पता लगा लिया है।”
नेपाल के मीडिया के अनुसार, विमान जिस जगह पर सतर से टकराया उसके 100 मीटर के दायरे में शव बिखरे हुए थे।
तारा एयर के प्रवक्ता सुदर्शन बरतौला ने द काठमांडू पोस्ट को बताया कि विमान पहाड़ से टकरा कर टुकड़े टुकडे हो गया।
मुस्तांग जिले के मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा ने कहा कि स्थानीय लोगों द्वारा दी गई जानकारी की मदद से दुर्घटनास्थल का पता लगाया गया है, जो यारशगुम्बा (कैटरपिलर कवक) को इकट्ठा करने के लिए क्षेत्र में पहुंचे थे। रविवार को प्रतिकूल मौसम के कारण खोज एवं बचाव दल दुर्घटनास्थल पर नहीं पहुंच सका।
सेना ने रविवार शाम को कहा था कि अंधेरे और प्रतिकूल मौसम के कारण खोज और बचाव के सभी प्रयास रोक दिए गए हैं। सोमवार तड़के हवाई और जमीन दोनों से तलाशी फिर से शुरू की गई।
गौरतलब है कि तारा एयर का विमान रविवार सुबह पोखरा से 19 यात्रियों और चालक दल के तीन सदस्यों को लेकर रवाना हुआ। एयरलाइंस के मुताबिक यात्रियों में 13 नेपाली, चार भारतीय और दो जर्मन नागरिक शामिल थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *