भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने राज्य में नौकरशाही के हावी होने का आरोप लगाते हुए आज सरकार से सवाल किया कि निरंकुश नौकरशाही पर लगाम क्यों नहीं लगाई जा रही।

डॉ सिंह ने अपना वीडियो संदेश जारी करते हुए कहा कि राज्य के पंचायत मंत्री महेंद्र सिंह सिसोदिया ने नौकरशाही पर सवाल उठाए हैं। प्रदेश में नौकरशाही लगातार मंत्री, नेताओं और जनप्रतिनिधियों का अपमान करती है। ये राज्य में आम बात है।

उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से अनुरोध किया कि वे नौकरशाही पर लगाम लगाएं।
डॉ सिंह ने आरोप लगाया कि शासकीय अधिकारी शासन के आदेशों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, उन पर कोई कार्रवाई नहीं होना खेदजनक है।
उन्होंने अपने संदेश में मंत्री श्री सिसोदिया को भी निशाने पर लेते हुए कहा कि उन्होंने (श्री सिसोदिया ने) कांग्रेस छोड़ कर कमलनाथ सरकार गिराई थी, उसके बाद अब उन्हें भाजपा सरकार में ऐसे दिन देखने ही पड़ेंगे।