देवरिया। देवरिया सदर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार को प्लेटफॉर्म नंबर-एक से तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 52.56 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की हैं।

जीआरपी प्रभारी अभिषेक पाण्डेय ने बताया कि जीआरपी थाना और आरपीएफ पोस्ट देवरिया की संयुक्त टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर- एक के पश्चिमी छोर पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान संदेह के आधार पर तीन युवकों को रोककर उनके पास मौजूद दो झोलों की तलाशी ली गई। इनके पास से 24 बोतल रॉयल स्टैग (750 एमएल) और 192 बोतल आफ्टर डार्क (180 एमएल) अंग्रेजी शराब बरामद हुई। कुल 52.56 लीटर शराब की अनुमानित कीमत 47 हजार 280 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर निवासी अमन कुमार (18), पंकज कुमार (19) और हिमांशु कुमार (24) के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए शराब बिहार ले जाकर लगभग दोगुनी कीमत पर बेचते थे और उससे होने वाली कमाई आपस में बांट लेते थे। इस बार भी वे शराब लेकर बिहार जाने की तैयारी में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
जीआरपी ने तीनों आरोपितों के खिलाफ जीआरपी थाना देवरिया में आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपितों के आपराधिक इतिहास की भी जांच की गई है, जिसमें अमन कुमार के खिलाफ जीआरपी गोरखपुर और जीआरपी देवरिया में आबकारी अधिनियम के तहत पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
