देवरिया में प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम: प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से हमला, आरोपी जेल भेजा गया

देवरिया में प्रेम प्रसंग का खूनी अंजाम: प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से हमला, आरोपी जेल भेजा गया

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर बीते दिन हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने अपनी प्रेमिका के नाबालिग भाई पर फावड़े से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किशोर का गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उसकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में मंगलवार को जेल भेज दिया है।

सीओ संजय के अनुसार, आजमगढ़ जिले के मेहनगर थाना क्षेत्र के गोपालपुर निवासी सत्यप्रकाश चौहान का गांव की एक युवती से करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों के रिश्ते की जानकारी परिजनों को भी थी। हालांकि करीब डेढ़ माह पहले युवती ने सत्यप्रकाश का मोबाइल नंबर ब्लॉक कर दिया और उससे बातचीत बंद कर दी थी।

रविवार को सत्यप्रकाश युवती के घर पहुंचा और बातचीत बंद करने का कारण पूछने लगा। इसी दौरान युवती का नाबालिग भाई वहां पहुंच गया और युवक के घर आने का विरोध किया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि गुस्से में आकर सत्यप्रकाश ने पास में पड़े फावड़े से किशोर के सिर और गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।

घायल किशोर को पहले महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए गोरखपुर मेडिकल कालेज रेेेफर कर दिया ।

परिवार के लोग एक निजी अस्पताल इलाज करवा रहे है। घटना के दूसरे दिन भी उसे होश नहीं आया था और चिकित्सकों ने उसकी स्थिति चिंताजनक बताई।

रामपुर कारखाना थाना पुलिस ने आरोपी सत्यप्रकाश चौहान के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

घटना के बाद घायल किशोर के परिवार पर आर्थिक संकट भी गहरा गया है।

परिजनों का कहना है कि इलाज का खर्च उधार लेकर तथा रिश्तेदारों और ग्रामीणों के सहयोग से चलाया जा रहा है। लगातार बढ़ते खर्च के कारण परिवार अब अपनी खेती की जमीन बेचने की तैयारी कर रहा है। गांव के लोगों ने भी चंदा जुटाकर आर्थिक सहायता दी है। इस बीच क्षेत्राधिकारी सदर संजय कुमार रेड्डी ने मानवीय पहल करते हुए पीड़ित परिवार को 4,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *