देवरिया में घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष, पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से किया हमला,गिरफ्तार

देवरिया में घरेलू विवाद बना खूनी संघर्ष, पति ने पत्नी पर धारदार हथियार से किया हमला,गिरफ्तार

देवरिया। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद स्थित रामगुलाम टोला में रविवार की देर रात चीख-पुकार गूंज उठी, जब पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पति ने अपनी पत्नी की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

थाना प्रभारी राकेश राय ने बताया कि मृतक महिला अन्नू गिरी शहर के रामगुलाम टोला स्थित किराए के मकान में रहती है। उसका पति पवन गिरी मुंबई में वेल्डिंग का काम करता है और कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच काफी समय से साथ रहने को लेकर अनबन चल रही थी।

रविवार रात दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और पवन ने कथित तौर पर धारदार हथियार से पत्नी की गर्दन पर वार कर दिया। खून से लथपथ महिला को देखकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर घरेलू कलह के खतरनाक परिणामों को सामने ला दिया है, जहां मामूली विवाद ने एक महिला की जान पर बन आई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *