नई दिल्ली। मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली समेत पूरे एनसीआर क्षेत्र के लिए 29 और 30 जुलाई को भारी बारिश और तेज तूफान को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को हुई बारिश ने पहले ही यातायात व्यवस्था को चरमरा दिया है, जबकि कई इलाकों में जलभराव से आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार, अगले दो दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में गिरावट दर्ज की जाएगी। मौसम विभाग का अनुमान है कि 29 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहेगा।

आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) सुबह 100 प्रतिशत और रात में 90 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है, जिससे उमस भरी गर्मी और बारिश दोनों का अहसास होगा। इस दिन आसमान में सामान्य रूप से बादल छाए रहेंगे और मध्यम बारिश होगी। मौसम विभाग ने दिन के पांचों हिस्सों सुबह, पूर्वाह्न, दोपहर, शाम और रात के लिए ‘हल्की से मध्यम बारिश’ की भविष्यवाणी की है। खासतौर पर सुबह और पूर्वाह्न में बारिश की तीव्रता अधिक रह सकती है, जिससे सड़कों पर पानी भरने और यातायात बाधित होने की आशंका है। 30 जुलाई के लिए मौसम विभाग ने और भी सख्त चेतावनी दी है।

इस दिन अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि 30 जुलाई को ‘आंधी-तूफान के साथ बिजली चमकने’ की चेतावनी दी गई है। पूर्वाह्न, दोपहर और रात के समय तेज हवाओं के साथ बिजली गिरने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस दिन मौसम अधिक अस्थिर रहेगा, इसलिए नागरिकों को जरूरी यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। 31 जुलाई को तापमान 34 डिग्री (अधिकतम) और 26 डिग्री (न्यूनतम), हल्की बारिश या बूंदाबांदी के साथ आसमान में सामान्य बादल रहेंगे।
1 अगस्त को भी अधिकतम 34 डिग्री, न्यूनतम 26 डिग्री, और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। 2 और 3 अगस्त के लिए अधिकतम तापमान 34 डिग्री और 33 डिग्री के बीच, जबकि न्यूनतम 25 डिग्री व 24 डिग्री रहने का पूर्वानुमान है। मंगलवार को हुई बारिश ने राजधानी में जाम, पानी भराव और बिजली आपूर्ति में रुकावट जैसी समस्याएं खड़ी कर दी थीं। जलभराव के कारण लोगों को ऑफिस-स्कूल जाने में कठिनाई हुई और कई इलाकों में वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई। दिल्ली-एनसीआर में लगातार बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहेगा। लेकिन आर्द्रता अधिक होने के कारण उमस से राहत नहीं मिलेगी।

