दिल्ली में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़! विदेशी कनेक्शन समेत तीन तस्कर गिरफ्तार, MDMA और गांजा बरामद

दिल्ली में ड्रग्स नेटवर्क का भंडाफोड़! विदेशी कनेक्शन समेत तीन तस्कर गिरफ्तार, MDMA और गांजा बरामद

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की पूर्वी जिला पुलिस की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स की सप्लाई करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक स्थानीय पेडलर, एक सप्लायर और एक विदेशी सोर्स शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 21.09 ग्राम एमडीएमए और 30 ग्राम गांजा बरामद किया है। साथ ही नशीले पदार्थों की तस्करी में इस्तेमाल की जा रही तीन स्कूटियां भी जब्त की गई हैं। पुलिस के अनुसार, 30 जून को एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड को सूचना मिली थी कि अफ्रीकी मूल का एक व्यक्ति दिल्ली-नोएडा लिंक रोड स्थित स्टार सिटी मॉल के पास एमडीएमए की सप्लाई करने आने वाला है।

 

सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी की। इसी दौरान स्कूटी पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और गलत दिशा में स्कूटी मोड़ दी। पीछा करने पर उसकी स्कूटी डिवाइडर से टकरा गई, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान सेनेगल निवासी 35 वर्षीय जॉन के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 12.86 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पूछताछ में जॉन ने बताया कि वह दिल्ली में रहने वाले दिवाकर नाम के व्यक्ति को एमडीएमए की सप्लाई करता था। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने अक्षरधाम रोड से दिवाकर को गिरफ्तार किया।

 

उसके पास से करीब तीन ग्राम एमडीएमए और 30 ग्राम गांजा बरामद किया गया। आगे की पूछताछ में जॉन ने खुलासा किया कि वह यह नशीला पदार्थ नाइजीरिया के रहने वाले सोलोमन से खरीदता था। इसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर न्यू अशोक नगर इलाके से 37 वर्षीय सोलोमन को गिरफ्तार कर लिया। उसकी तलाशी में 5.23 ग्राम एमडीएमए बरामद हुआ। पूछताछ में दिवाकर ने बताया कि वह पहले खुद एमडीएमए का सेवन करता था। इसी दौरान उसकी पहचान जॉन से हुई। शुरुआत में वह उससे अपने इस्तेमाल के लिए नशीला पदार्थ खरीदता था, लेकिन बाद में अधिक पैसे कमाने के लालच में उसने बड़ी मात्रा में एमडीएमए खरीदकर ऊंची कीमत पर बेचना शुरू कर दिया। पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ इलाके में सक्रिय ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क को तोड़ दिया गया है। जब्त की गई स्कूटी के मालिकों और पूरे गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *