नई दिल्ली। दिल्ली के नांगलोई इलाके के दास गार्डन में मंगलवार दोपहर 3:21 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। चार साल का मासूम बच्चा इमरान खुले सीवर में गिर गया और अब तक लापता है। उसे ढूंढने के लिए कई एजेंसियों का रेस्क्यू ऑपरेशन अभी भी जारी है। दिल्ली पुलिस के बयान के अनुसार, थाना रन्हौला में मंगलवार को दोपहर करीब 3.21 बजे सूचना मिली कि खेलते हुए 4 साल का बच्चा सीवर में गिर गया। सूचना मिलते ही रन्हौला थाने की लोकल पुलिस मौके पर पहुंची। घटना स्थल खेरी बाबा पुल के पास है, जो ‘गंदा नाला’ (ड्रेन) के किनारे स्थित है। सर्विस रोड के साथ-साथ नाले के बगल में एक सीवर लाइन चल रही है।

पुलिस के अनुसार, 4 साल का बच्चा मां के साथ दास गार्डन पार्क लाया गया था। प्राकृतिक शौच के लिए नाले की ओर जाते समय वह सीवर के मैनहोल में गिर गया। फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें फिलहाल मौके पर हैं और बच्चे को बचाने के लिए काम कर रही हैं। धारा 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि बच्चा अब तक सीवर से नहीं मिला है।

बच्चे को नाले से खोजने और निकालने के लिए बचाव दल और एनडीआरएफ द्वारा और प्रयास किए जा रहे हैं। बच्चे के पिता ने आईएएनएस से कहा, “रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। हमें नहीं पता कि वह कहां चला गया है या कहां फंसा हो सकता है।” एक पड़ोसी ने कहा कि बच्चा यहां खेलने आया था, तभी गिर गया। इसके बाद यहां के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, तब से कार्रवाई जारी है। वहीं, वहां मौजूद कुछ पड़ोसियों ने कहा कि पार्षद और मंत्री वोट लेने के लिए आ जाते हैं। सीवर को सही करने का काम किसका है? उन्होंने कहा कि बहुत सारे सीवर खुले पड़े हैं।

