डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने लखनऊ में सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सोमवार को लखनऊ स्थित अपने आवास पर जनसुनवाई कर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। उन्होंने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से आवश्यक कार्रवाई करने तथा शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आम जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

जनता की संतुष्टि ही प्रशासनिक कार्यों का आधार

उन्हाेंने कहा कि जनसेवा ही हमारा संकल्प है और जनता की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शासन की मंशा है कि प्रत्येक नागरिक की बात सुनी जाए और उसकी समस्या का निष्पक्ष एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो। जनसुनवाई जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनशिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लें, बल्कि प्रत्येक मामले में व्यक्तिगत रुचि लेकर उसका उचित समाधान कराएं। शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखा जाए। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने फरियादियों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

ब्रजेश पाठक ने दोहराया कि ‘सबकी सेवा, सबका सम्मान’ के मूल मंत्र के साथ प्रदेश सरकार जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अधिकारियों से जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *