मुजफ्फरनगर। जनपद के बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव महलजना में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। घर में टेबल फैन का तार बिजली के बोर्ड में लगाते समय करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार गांव महलजना निवासी तथा ग्राम प्रधान शेर खान के छोटे भाई पैंतीस वर्षीय अनीश खान सोमवार दोपहर अपने घर में रखा टेबल फैन चलाने की तैयारी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने पंखे का तार बिजली के बोर्ड में लगाया, अचानक तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि अनीश मौके पर ही अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की ओर से मौत की पुष्टि होते ही परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही रिश्तेदार और ग्रामीण भी बड़ी संख्या में घर पहुंच गए और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया।
बताया गया कि स्वजन ने इस मामले में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। उन्होंने पोस्टमार्टम कराने की भी सहमति नहीं दी। इसके बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने पर गमगीन माहौल में अनीश खान को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।
गांव के लोगों ने बताया कि अनीश मिलनसार और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। उनकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है। हादसे ने एक बार फिर घरेलू बिजली उपकरणों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने की आवश्यकता की ओर ध्यान आकर्षित किया है।

