

शामली। शहर के मौहल्ला पंसारियान में झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक पर एक नवजात बच्चे की मौत हो जाने से हंगामा खडा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने बच्चे में कई बीमारियां बताकर उसे भर्ती कर लिया और बच्चे की मौत होते ही वहां से फरार हो गया। पुलिस ने परिजनों को समझा बुझाकर किसी प्रकार शांत किया। सूचना पर एसीएमओ मौके पर पहुंचे तथा क्लीनिक को सील कर दिया।
जानकारी के अनुसार शहर के मौहल्ला पंसारियान स्थित ढेवा बस्ती निवासी अनिल की पत्नी आंचल ने बीती रात घर में ही एक बच्चे को जन्म दिया था जिसके बाद परिजन नवजात को लेकर मौहल्ले में ही स्थित एक झोलाछाप चिकित्सक के क्लीनिक पर पहुंच गए जहां मौजूद चिकित्सक ने नवजात की जांच करते हुए उसमें कई बीमारियां बताकर उसे भर्ती कर ग्लूकोज व आक्सीजन लगा दी। सुबह के समय नवजात ने दम तोड दिया। बच्चे की मौत होते ही परिजनों ने क्लीनिक पर हंगामा शुरू कर दिया जिसके बाद चिकित्सक मौके से फरार हो गया। क्लीनिक पर शोर शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए तथा पुलिस को मामले की सूचना दी जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तथा हंगामा कर रहे परिजनों को समझा बुझाकर किसी प्रकार शांत किया। नवजात के पिता अनिल ने बताया कि उसकी पत्नी की घर पर ही डिलीवरी हुई थी, बच्चा पूरी तरह ठीक था लेकिन उन्होंने फिर भी चिकित्सक से सलाह लेनी उचित समझी और वह डाक्टर के क्लीनिक पर पहुंच गए जहां डाक्टर ने नवजात के शरीर में गंदा पानी सहित कई बीमारियां गिनाकर उसे भर्ती कर लिया। परिजनों ने चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही बरतने के भी आरोप लगाए। वहीं सूचना मिलते ही एसीएमओ डा. सुशील कुमार व उनकी टीम भी मौके पर पहुंची तथा परिजनों से मामले की जानकारी लेते हुए चिकित्सक को भी फोन कर मौके पर बुलाया लेकिन वह नहीं आया जिसके बाद एसीएमओ ने क्लीनिक को सील करने के निर्देश दिए। एसीएमओ ने क्लीनिक पर अपने बच्चों का उपचार करा रहे अन्य अभिभावकों को भी अपने बच्चों को सरकारी अथवा किसी अन्य अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह देते हुए क्लीनिक से जाने को कहा। सभी लोगों को बाहर निकलने के बाद क्लीनिक पर सील लगा दी गयी।
